Wednesday, December 17

अनंतनाग मेडिकल कॉलेज छोड़ सहारनपुर क्यों आया डॉ. आदिल? मां की बीमारी थी बस बहाना

सहारनपुर/अनंतनाग: पश्चिमी यूपी के सहारनपुर में फेमस मेडिकेयर अस्पताल के डॉक्टर आदिल अहमद राथर की गिरफ्तारी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। दिखने में शांत और पेशे से डॉक्टर आदिल का आतंकी नेटवर्क से जुड़ा होना उनके साथियों और अस्पताल स्टाफ के लिए किसी झटके से कम नहीं है।

This slideshow requires JavaScript.

अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) के रहने वाले आदिल ने हाल ही में अपनी शादी 4 अक्टूबर, 2025 को डॉ. रुकैया से की थी। शादी में सहारनपुर के कई डॉक्टर शामिल हुए, जिनमें उनके साथी डॉ. बाबर भी थे। बाबर ने ही आदिल को सहारनपुर में किराए का मकान दिलवाया।

गिरफ्तारी से ठीक पहले आदिल ने साथियों को बताया कि उसकी मां बीमार हैं और वह गांव जा रहा है। लेकिन जांच एजेंसियों का मानना है कि यह सिर्फ बहाना था। आदिल के सहारनपुर आने के पीछे किसी गहरी साजिश का शक जताया जा रहा है।

सहारनपुर को रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील जिला माना जाता है। यहां एयरफोर्स स्टेशन, एयरपोर्ट, रिमाउंट डिपो और दारुल उलूम जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या आदिल पश्चिमी यूपी में किसी बड़े आतंकी नेटवर्क की नींव रख रहा था।

फेमस मेडिकेयर अस्पताल के स्टाफ ने बताया कि आदिल हमेशा सामान्य व्यवहार करता था और कश्मीरी भाषा में बातचीत करता था। किसी को उसके इरादों पर कभी शक नहीं हुआ। अब एजेंसियां उसके फोन, संपर्क सूत्रों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही हैं।

सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या यह डॉक्टर का पेशेवर वेश मात्र था, या वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का मोहरा था।

Leave a Reply