Wednesday, December 17

अहमदाबाद में ‘दृश्यम’ जैसी दिल दहला देने वाली हत्या : पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर किया पति का कत्ल, शव को किचन के फर्श के नीचे दफनाया, ऊपर लगवा दी टाइल्स — 14 महीने बाद खुला राज

This slideshow requires JavaScript.

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यह घटना किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को टुकड़ों में काटकर घर के किचन के फर्श के नीचे गाड़ दिया, ऊपर से टाइल्स लगवा दीं ताकि कोई शक न कर सके। करीब 14 महीने बाद पुलिस ने जब इस राज से पर्दा उठाया, तो इलाके में सनसनी फैल गई।

💔 लव मैरिज से शुरू हुई कहानी, ‘दृश्यम’ की तरह हुआ अंत

मृतक की पहचान 35 वर्षीय समीर अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। उसने रूबी नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों अहमदाबाद के सरखेज इलाके में रहते थे। समीर राजमिस्त्री का काम करता था और अपनी मेहनत से परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।

लेकिन कुछ समय बाद रूबी के इमरान वाघेला नाम के शख्स से अवैध संबंध बन गए। जब समीर को इस बात का पता चला तो उसने विरोध किया, लेकिन रूबी ने झूठा आश्वासन देकर उसे शांत कर दिया। हालांकि, उसने इमरान से रिश्ता खत्म नहीं किया।

🔪 14 महीने पहले हुई थी हत्या, सबको बताया – “पति बाहर काम पर गया है”

करीब 14 महीने पहले अचानक समीर लापता हो गया। रूबी ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों से कहा कि उसका पति बाहर कमाने गया है। शुरू में सबने यकीन कर लिया, लेकिन समय बीतने के साथ शक गहराने लगा, क्योंकि समीर ने किसी से भी संपर्क नहीं किया।

क्राइम ब्रांच को तीन महीने पहले सूचना मिली कि समीर का गायब होना संदिग्ध है। जांच में पुलिस ने रूबी के मोबाइल की निगरानी शुरू की और उसके सबसे अधिक बात करने वाले नंबर — इमरान तक पहुंची।

🚨 इमरान ने किया कबूलनामा : “रूबी ने खुद बनाया हत्या का प्लान”

पुलिस ने जब इमरान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने दिल दहला देने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि हत्या की पूरी योजना रूबी ने ही बनाई थी।
हत्या वाली रात समीर घर में सो रहा था। रूबी ने उसके पांव पकड़े और इमरान ने चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद शव के टुकड़े किए गए और किचन में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। ऊपर से सीमेंट और टाइल लगाकर सभी निशान मिटा दिए गए।

🧱 उसी घर में बच्चों संग रही रूबी

हत्या के बाद रूबी महीनों तक अपने दो बच्चों के साथ उसी घर में रहती रही। पड़ोसियों को वह यही बताती थी कि उसका पति काम पर गया है। पुलिस के मुताबिक, 14 महीने बाद जब घर की दीवारें तोड़ी गईं, तो किचन के नीचे से समीर के अवशेष मिले।

🕵️‍♀️ पुलिस ने इमरान को किया गिरफ्तार, रूबी और दो रिश्तेदार फरार

डीसीपी (क्राइम) अजीत राजियन ने बताया कि पुलिस ने इमरान वाघेला को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि रूबी, रहीम और मोहसिन फरार हैं। तीनों की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

⚖️ प्रेम, धोखा और खामोश मौत

यह मामला दिखाता है कि किस तरह एक प्रेम संबंध ने एक खुशहाल परिवार को तबाह कर दिया। समीर अंसारी, जिसने अपने परिवार के खिलाफ जाकर रूबी से शादी की थी, उसी के हाथों अपनी जान गंवा बैठा।

Leave a Reply