Wednesday, December 17

अब घर बैठे जानें आपका नज़दीकी आधार सेंटर, भुवन आधार पोर्टल देगा सटीक जानकारी

आधार कार्ड संबंधी कामों के लिए अब इधर-उधर भटकने की ज़रूरत नहीं है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और यूआईडीएआई ने मिलकर ‘भुवन आधार पोर्टल’ विकसित किया है, जिसकी मदद से नागरिक अपने घर के नज़दीकी आधार एनरोलमेंट एवं अपडेट सेंटर को सिर्फ एक क्लिक में ढूंढ सकते हैं।

This slideshow requires JavaScript.

आधार भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम दस्तावेज़ है और इससे जुड़े कई कार्य अब ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों तरीकों से आसानी से पूरे किए जा सकते हैं। सबसे बड़ी सुविधा यह है कि नज़दीकी आधार सेंटर का पता लगाने के लिए अब न तो यूआईडीएआई वेबसाइट पर जाना होगा और न ही कोई ऐप डाउनलोड करना पड़ेगा।

क्या है भुवन आधार पोर्टल?

भुवन आधार पोर्टल एक GIS आधारित मैप प्लेटफॉर्म है जो पूरे भारत में फैले आधार एनरोलमेंट एवं अपडेट सेंटरों की लोकेशन को इंटरैक्टिव मैप पर दिखाता है। उपयोगकर्ता अपनी लोकेशन, जिला, शहर या राज्य के आधार पर सेंटर चुन सकते हैं। पोर्टल पर सेंटर का पूरा पता, उपलब्ध सेवाएं और दूरी (किलोमीटर में) तक की जानकारी तुरंत मिल जाती है।

पोर्टल की प्रमुख सुविधाएँ

  • नाम, शहर, राज्य या पिन कोड से आधार सेंटर सर्च
  • किलोमीटर में दूरी चुनने की सुविधा
  • सेंटर का नाम डालकर सीधे लोकेशन खोजें
  • मैप पर सभी आधार सेवाओं की स्पष्ट जानकारी

उदा. यदि कोई व्यक्ति अपने घर के 2 किलोमीटर के दायरे में मौजूद आधार सेंटर देखना चाहता है, तो दूरी को 2 किलोमीटर सेट करते ही उपलब्ध सभी विकल्प दिख जाएंगे।

कैसे करें पोर्टल का उपयोग?

  1. सबसे पहले भुवन आधार पोर्टल पर जाएँ।
  2. स्क्रीन पर एक विस्तृत मैप दिखाई देगा।
  3. बाएँ भाग में कई सर्च विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
  4. अपनी सुविधा अनुसार पिन कोड, सेंटर का नाम, स्थान या दूरी चुनकर नज़दीकी आधार सेंटर की पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इसरो और यूआईडीएआई की यह संयुक्त पहल नागरिकों के लिए आधार सेवाओं को और अधिक सुलभ, पारदर्शी और समय-बचत वाला बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply