Wednesday, December 17

पिता की पुण्यतिथि पर नीतीश कुमार पहुंचे पैतृक गांव, दी भावभीनी श्रद्धांजलि, तालाब पर मछलियों को खिलाया दाना

नालंदा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे और अपने पिता, स्वतंत्रता सेनानी स्व. कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका दसवीं बार शपथ लेने के बाद पहला पैतृक गांव दौरा था।

This slideshow requires JavaScript.

मुख्यमंत्री ने स्मृति वाटिका में अपने पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी माता स्व. परमेश्वरी देवी और धर्मपत्नी स्व. मंजू सिन्हा की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। पुण्यतिथि समारोह के लिए स्मृति वाटिका को विशेष रूप से सजाया गया था।

इस अवसर पर उनके बड़े भाई सतीश कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कृष्णा मुरारी शरण, विधायक जितेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधायक रूहेल रंजन, एमएलसी संजय कुमार सिंह (गांधी जी), एमएलसी ललन सर्राफ, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

ग्रामीणों ने स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह को याद करते हुए बताया कि उन्होंने बख्तियारपुर में रहकर आजीवन लोगों के इलाज और समाज सेवा को अपना धर्म माना।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना की और अपने पैतृक घर के पास स्थित तालाब पर जाकर मछलियों को दाना खिलाया। लगभग 30 मिनट के दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को भी सुना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों, जिनमें मुख्यमंत्री सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रक्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा, पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, नालंदा डीएम कुंदन कुमार, नालंदा एसपी भारत सोनी और अन्य शामिल थे, को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के इस दौरे से गांव और आसपास के लोगों में उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी।

Leave a Reply